Connect with us

वायरल

सार्वजनिक शौचालय से छह माह से बह रहा गंदा पानी

Published

on

Loading...
Loading...

लार में समस्या का समाधान न होने पर अनशन की चेतावनी

देवरिया। लार नगर पंचायत के पुलिस चौकी के पास मुख्य सड़क पर स्थित सार्वजनिक शौचालय से पिछले लगभग छह माह से लगातार गंदा पानी बह रहा है। इस स्थिति के कारण क्षेत्र में गंदगी, दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। गंभीर स्थिति के बावजूद अब तक इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

मुख्य सड़क पर लगातार बह रहे इस गंदे पानी से राहगीरों, दुकानदारों और आसपास के निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बदबू और गंदगी के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर पंचायत से लेकर कई उच्चाधिकारियों तक इस संबंध में शिकायतें भेजी गई हैं। सोशल मीडिया पर भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया, फिर भी जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। क्षेत्रवासियों में प्रशासनिक उदासीनता को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि छह माह से एक ही समस्या का समाधान न होना नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

इसी मामले को लेकर बस स्टैंड निवासी हिमांशु राय ने जिलाधिकारी देवरिया और अन्य उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि यदि शीघ्र ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वह 25 फरवरी से अपने आवास के बाहर परिवार सहित आमरण अनशन प्रारंभ करेंगे।

Advertisement

इस संबंध में एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें आमरण अनशन की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी समस्या है, तो यह गंभीर विषय है और नगर पंचायत के ईओ को निर्देश देकर शीघ्र समाधान कराया जाएगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page