गाजीपुर
सादात में बदमाशों ने सर्राफा व्यवसायी से लूटे लाखों के आभूषण
जांच में जुटी पुलिस
गाजीपुर (जयदेश)। जनपद के सादात थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार की देर शाम डढ़वल गांव के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक सर्राफा व्यवसायी से तमंचे के बल पर करीब दो लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण लूट लिए।
आजमगढ़ जिले के कोतवाली देवगांव निवासी सत्यम सेठ, वाराणसी में सोने-चांदी की दुकान चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी मोटरसाइकिल से सादात कस्बे में आभूषणों का आर्डर पहुंचाने जा रहे थे। तभी डढ़वल गांव के पास लगभग सवा छह बजे दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर तमंचे के बल पर उनका झोला छीन लिया। झोले में रखा लगभग 40 ग्राम का सोने का लॉकेट, 14 पीस नथिया (25 ग्राम), 20 जोड़ी कुंडा और 25 बुंदे लूट लिए गए, जिनकी कुल कीमत दो लाख रुपये से अधिक थी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सत्यम सेठ की तहरीर पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच प्रारंभ कर दी है और लुटेरों की तलाश जारी है।
