Connect with us

गोरखपुर

साड़ी के फंदे से लटकता मिला नवविवाहिता का शव, जांच में जुटी पुलिस

Published

on

Loading...
Loading...

बेलघाट (गोरखपुर)। जनपद के बेलघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा मीरपुर के राजस्व ग्राम तिवारीपुर में मंगलवार को एक नवविवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य इकट्ठा किए, तत्पश्चात बेलघाट पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला चिकित्सालय भेज दिया।

25 वर्षीय मृतका अंकिता तिवारी की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व 28 वर्षीय आदित्य तिवारी से हुई थी। बताया जा रहा है कि पति आदित्य तिवारी महराजगंज जनपद में शिक्षा विभाग में अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। घटना के संबंध में बताया जाता है कि सोमवार की शाम अंकिता तिवारी अपनी सास, जेठ, जेठानी के बच्चों के साथ खाना खाया और सभी लोग अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। बताया जाता है कि अंकिता तिवारी का कमरा पहली मंजिल पर था। भोर के समय परिवार में सबसे पहले जाग जाती थी और नित्य कर्म के पश्चात पूजा का फूल लेने के लिए नीचे आती थी। मंगलवार की सुबह जब देर तक नीचे नहीं आई तो उनकी जेठानी देखने के लिए उनके कमरे में गई।

Loading...

बताया जाता है कि कमरे का फाटक बंद था, परंतु सिटकनी नहीं लगी थी। जब जेठानी अंकिता को बुलाने के लिए कमरा खोली तो अंकिता को साड़ी के फंदे में कुंडी से लटकते देख भयभीत हो चिल्लाने लगी। अंकिता की जेठानी की चिल्लाहट सुनकर परिवार के सभी लोग भागे हुए अंकिता के कमरे में पहुंचे। अंकिता का शव साड़ी के फंदे में छत की कुंडी से लटक रहा था। यह देखकर घर में कोहराम मच गया। आवाज सुनकर घर के अगल-बगल के लोग आ गए और तत्काल बेलघाट पुलिस को सूचना देकर परिजनों को ढांढस बंधाने लगे।

घटना की सूचना पाकर लगभग आधे घंटे के अंदर मुकामी पुलिस और 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंचकर थाना अध्यक्ष बेलघाट विकास नाथ ने कमरे में ताला बंद कर फॉरेंसिक टीम के आने का इंतजार करने लगे। फॉरेंसिक टीम आने के बाद अग्रिम कार्यवाही शुरू हुई। इस विषय में थाना अध्यक्ष बेलघाट विकास नाथ का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page