गाजीपुर
साइबर फ्रॉड पर एसीपी ने किया छात्राओं को जागरूक
वाराणसी/गाजीपुर (जयदेश)। डॉ. विजय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज अस्पताल एवं अनुसंधान केन्द्र, भंदहा कला, कैथी में छात्राओं हेतु आयोजित यू.एन.एम.यू.टी.ई. (मीडिया, समझ, प्रौद्योगिकी एवं अभिव्यक्ति के माध्यम से कथाओं का उत्थान) व्याख्यानमाला का समापन समारोह सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ कृष्ण सुदामा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस गाज़ीपुर, वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. विजय यादव द्वारा भगवान धन्वन्तरी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
यह कार्यक्रम सी.एफ.एल.आई./एफ.सी.आई.एल. (स्थानीय पहलों हेतु कनाडा निधि) के सहयोग से तथा कनाडा के उच्चायोग के तत्वावधान में विगत तीन माह से संचालित किया जा रहा था। पांच दिवसीय, बीस सत्रीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 50 छात्राओं ने मुख्य प्रशिक्षक बनने हेतु सहभागिता की।
समारोह के मुख्य अतिथि विदुष सक्सेना (ए.सी.पी., साइबर क्राइम, सारनाथ डिवीजन) ने “साइबर फ्रॉड” विषय पर व्याख्यान देते हुए छात्राओं को ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) प्रकाश राज सिंह ने की।
समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, पुस्तिका एवं उपकरण किट वितरित किए गए। संस्थान के शिक्षकगणों एवं छात्राओं की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
