Uncategorized
साइबर धोखाधड़ी के शिकार व्यक्ति को पुलिस ने दिलाए दो लाख रुपये वापस
तिवारीपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को मिली राहत
गोरखपुर। ऑनलाइन धोखाधड़ी के एक मामले में तिवारीपुर थाना पुलिस की सक्रियता से पीड़ित आवेदक को बड़ी राहत मिली है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते धोखाधड़ी में गए 2 लाख रुपये वापस आवेदक के खाते में करा दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक अपराध के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण में थाना तिवारीपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक के साथ यूपीआई (UPI) के माध्यम से ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संबंधित बैंकों और वित्तीय संस्थानों, जिनमें बजाज फाइनेंस लिमिटेड भी शामिल है, से संपर्क किया गया।
पुलिस द्वारा धोखाधड़ी में प्रयुक्त बैंक खातों और मोबाइल नंबरों को ब्लॉक कराते हुए लगातार प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप पीड़ित की पूरी 2,00,000 की धनराशि सुरक्षित वापस करा दी गई।
गोरखपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि वापस कराई जा सके।
