Connect with us

गाजीपुर

सांसद संगीता बलवंत ने जखनियां रेलवे स्टेशन के उन्नयन की संसद में रखी बात

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर (जयदेश)। जनपद के जखनिया क्षेत्र और रेलवे स्टेशन के विकास को लेकर क्षेत्रीय स्तर पर लंबे समय से उठ रही मांग एक बार फिर संसद तक पहुंची है। क्षेत्रीय जनता की समस्याओं को लगातार उठाते रहे भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा द्वारा विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से संपर्क बनाए रखने के क्रम में यह मुद्दा और प्रमुखता से सामने आया।

इसी कड़ी में गाजीपुर की चर्चित जनप्रतिनिधि डा. संगीता बलवंत ने संसद में जखनियां रेलवे स्टेशन के समग्र विकास और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई। उन्होंने सदन के माध्यम से कहा कि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जनपद में पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर-भटनी रेलखंड पर स्थित जखनियां रेलवे स्टेशन क्षेत्रीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने अपने वक्तव्य में उल्लेख किया कि जखनिया क्षेत्र परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद तथा महावीर चक्र विजेता शहीद रामउग्रह पांडेय की पावन धरती है। साथ ही यह क्षेत्र धार्मिक और शैक्षणिक दृष्टि से भी समृद्ध है, जहां लगभग 500 वर्ष पुराना ऐतिहासिक भुडकुड़ा मठ और प्रसिद्ध सिद्धपीठ हथियाराम मठ स्थित हैं। इन स्थलों पर देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं का निरंतर आवागमन बना रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी इस क्षेत्र में आगमन होता रहा है।

डा. संगीता बलवंत ने जखनिया क्षेत्र की जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 22539/22540 मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस तथा ट्रेन संख्या 19489/10490 गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस के जखनियां स्टेशन पर ठहराव की मांग की। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान हटाए गए एक प्लेटफार्म के पुनर्निर्माण, प्लेटफार्म पर पीपी शेल्टर की संख्या बढ़ाने, सुलभ शौचालय युक्त यात्री प्रतीक्षालय के निर्माण, कोच डिस्प्ले बोर्ड लगाने तथा उत्तर केबिन के पास रेलवे अंडरपास के निर्माण की भी आवश्यकता जताई। साथ ही स्टेशन परिसर की टूटी सड़कों के नवनिर्माण और आए दिन लगने वाले जाम की समस्या के समाधान पर भी जोर दिया।

सांसद द्वारा संसद में यह मुद्दा उठाए जाने के बाद जखनिया क्षेत्र की जनता में खुशी का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह एक कमाऊ स्टेशन है और यहां से बड़े शहरों की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या काफी अधिक है। क्षेत्रीय जनता ने अपने सांसद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि जल्द ही जखनियां रेलवे स्टेशन का विकास होगा और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाएगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page