Connect with us

वायरल

सांसद बनने की चाह में अभिषेक सिंह ने IAS से दिया इस्तीफा, वापसी पर योगी सरकार ने लगाया ब्रेक

Published

on

भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2011 बैच के IAS अभिषेक सिंह के नौकरी में दोबारा आने के प्रयास पर योगी सरकार ने लगाया ब्रेक

एक मशहूर कहावत है कि, ”घर का कुत्ता न घर का न घाट का ” यह कहावत पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह के मामले में बिल्कुल सटीक बैठती है। बॉलीवुड जगत में हाथ आजमाने के बाद अभिषेक सिंह ने राजनीति में आने की सोची लेकिन दोनों जगह वह कुछ खास प्रभाव नहीं दिखा सके। इसलिए अब वह प्रशासनिक सेवा में वापस आना चाहते हैं। लेकिन योगी सरकार ने उनके इन प्रयासों पर रोक लगा दी है।

बता दें कि, मनोरंजन की दुनिया में किस्मत आजमाने के  लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2011 बैच के IAS अभिषेक सिंह ने नौकरी से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने बॉलीवुड में गुरु रंधावा, बादशाह जैसे सिंगर के साथ म्यूजिक वीडियो में काम किया। इसके बाद उन्होंने अपने गृह जनपद जौनपुर से राजनीति में कदम रखने की सोची और समाज सेवा में लग गए। उन्हें पूरी उम्मीद थी कि जौनपुर लोकसभा से बीजेपी या फिर किसी अन्य पार्टी की तरफ से उन्हें टिकट मिलेगा। लेकिन लोकसभा चुनाव 2024 में उन्हें जब टिकट नहीं मिला तब वह अपने पूर्व में किए गए फैसलों पर पश्चाताप करने लगे।

अभिषेक सिंह अब एक बार फिर अपनी नौकरी में वापसी करना चाह रहे हैं। राज्य सरकार ने अभिषेक सिंह की सेवा में पुनः वापसी के प्रार्थना पत्र पर केंद्र सरकार के DOPT (डिपार्टमेंट ऑफ पर्सनल एंड ट्रेनिंग) द्वारा मांगी गई आख्या व सहमति को अस्वीकृत कर दिया है। इसके स्थान पर राज्य सरकार ने अपनी संस्तुति भेज दी है।

योगी सरकार में एक उच्च पदस्थ अधिकारी ने बताया कि, उत्तर प्रदेश सरकार ने अभिषेक सिंह के आवदेन के क्रम में मांगी गई आख्या और सहमति को अस्वीकृत कर दिया है, जिसमें उनके आचरण और अनुशासनहीनता को आधार बताया गया है। विस्तारपूर्ण आख्या रिपोर्ट भी वापस भेजी गई। राज्य सरकार ने DOPT के सचिव को पत्र भेजकर आईएएस अभिषेक सिंह की सेवा के दौरान उनके व्यवहार और अनुशासनहीनता का उल्लेख करते हुए उसे भारतीय प्रशासनिक सेवा में फिर से शामिल किए जाने के लिए प्रेषित प्रार्थना पत्र को औचित्यपूर्ण न पाते हुए अस्वीकृत करने की सलाह दी है।

Advertisement

पहले हुए सस्पेंड फिर नौकरी से दिया इस्तीफा -बता दें‌ कि, गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान अभिषेक सिंह को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई थी, जहां उनकी एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें वो कार के साथ हीरो स्टाइल में दिखाई दे रहे थे। जिसके बाद फरवरी 2023 उन्हें निलंबित कर दिया गया था। निंलबन के बाद वो लंबे समय तक नौकरी पर नहीं लौटे और अक्टूबर 2023 में उन्होंने अपना इस्तीफा भेज दिया था। मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले उनके इस्तीफे को मंजूर कर लिया गया था। अभिषेक सिंह, चर्चित आईएएस दुर्गा शक्ति नागपाल के पति हैं। उनके पिता कृपा शंकर सिंह सिंह भी उत्तर प्रदेश में आईपीएस रह चुके हैं। उन्होंने साल 2011 में आईएएस की नौकरी शुरुआत की थी। यूपीएससी की परीक्षा में उन्हें 94वीं रैंक मिली थी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa