अपराध
सर्राफ की आंख में मिर्ची पाउडर झोंक लूटे आभूषण, पिस्टल लहराते हुए भागे बदमाश
कुशीनगर। जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सुबह घर से दुकान जा रहे एक स्वर्ण व्यवसायी की आंख में बाइक सवार बदमाशों ने मिर्ची पाउडर झोंक दिया और आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कप्तानगंज के गौनरिया निवासी संदीप वर्मा की खैरटवा चौराहे पर आभूषण की दुकान है। रोज की तरह मंगलवार सुबह करीब दस बजे वे घर से बाइक से दुकान के लिए निकले थे। बताया गया कि बहुआस के पास नहर की पटरी पर पहुंचते ही पीछे से आये बाइक सवार तीन युवकों में से एक ने उनकी आंख में मिर्ची पाउडर झोंक दिया। अचानक आंखों में जलन से संदीप अनियंत्रित होकर बाइक समेत गिर पड़े। तभी बदमाशों ने उनकी बाइक की डिक्की तोड़ दी और उसमें रखा बैग लेकर खैरटवा की ओर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों के पास पिस्टल भी थी, जिसे वे लहराते हुए भागे। घटना की जानकारी होते ही व्यवसायी ने 112 नंबर पर सूचना दी। सूचना पाकर पीआरवी संग कप्तानगंज व हाटा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ कसया कुंदन कुमार सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर व्यवसायी से जानकारी ली।
संदीप वर्मा ने पुलिस को बताया कि बैग में 30 ग्राम सोना, लगभग 500 ग्राम चांदी के आभूषण और दस हजार रुपये नकद थे। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
सीओ कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि बदमाशों की पहचान के लिए मार्ग किनारे स्थित घरों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी कर ली जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र के व्यवसायियों में रोष है और स्थानीय लोगों ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
