गोरखपुर
सर्राफा व्यवसायी के स्टाफ से लाखों की टप्पेबाजी, सीओ कोतवाली से मिला प्रतिनिधिमंडल
गोरखपुर। घंटाघर क्षेत्र में सर्राफा व्यवसाय से जुड़े एक बड़े टप्पेबाजी मामले ने व्यापारियों में चिंता बढ़ा दी है। स्वर्ण व्यवसायी बलिराम जायसवाल के प्रतिष्ठान के स्टाफ के साथ 9.5 लाख रुपये की टप्पेबाजी की घटना सामने आने के बाद व्यापारी वर्ग सकते में है। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ वर्षों से इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण देखा जा रहा था, ऐसे में इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद समस्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष नितिन कुमार जायसवाल के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित से मुलाकात की और कोतवाली क्षेत्र के सीओ ओंकारदत्त तिवारी से भी भेंट कर मामले की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर व्यापारी की धनराशि बरामद कराने की मांग की।
व्यापारियों ने कहा कि यदि इस तरह की घटनाओं में अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो उनका मनोबल बढ़ेगा, जिससे ऐसी वारदातों की पुनरावृत्ति होने की आशंका है और व्यापारियों की सुरक्षा पर संकट गहराएगा।
मुलाकात के दौरान गोरखपुर किराना कमेटी के अध्यक्ष गोपाल जायसवाल, पूर्वांचल व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अमित टिबरेवाल, स्वर्णकार कारीगर मंडल के अध्यक्ष त्रिभुवन वर्मा, पूर्वांचल व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष संजीव जैन, मेराज अहमद, सौरभ केडिया, मनीष सिंह, पवन जालान, संजय गर्ग, अभिषेक जायसवाल, कमलेश अग्रवाल, मनीष गुप्ता, एस.पी. मिश्रा, उपेंद्र शुक्ला, विवेक अग्रवाल और विनीत लॉट सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
