राज्य-राजधानी
समय से पहले लौट रहा मानसून, जानें कब तक बरसेंगे बादल

वाराणसी। इस बार मानसून का मिजाज बदला-बदला नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि देश से मानसून ने तय समय से पहले ही विदाई की राह पकड़ ली है। आमतौर पर 17 सितंबर से इसकी वापसी शुरू होती है, लेकिन इस साल 15 सितंबर से ही मानसून लौटना शुरू हो गया है।
यूपी में जल्दी खत्म होगी बारिश
पूर्वी उत्तर प्रदेश में जहां मानसून की विदाई 5 अक्टूबर तक होती थी, वहीं अब इसकी संभावित तारीख 2 अक्टूबर बताई जा रही है। वहीं पश्चिमी यूपी से 25 सितंबर की बजाय 22-23 सितंबर तक मानसून विदा हो सकता है। यानी इस बार नवरात्र शुरू होने से पहले ही बारिश थम सकती है।
विदाई से पहले होगी अच्छी बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि विदाई से पहले नमी बढ़ने की वजह से अच्छी बारिश देखने को मिलेगी। अनुमान है कि उत्तर भारत में औसत से ज्यादा बारिश हो सकती है। इस साल मानसून की वजह से गंगा, यमुना और सरयू जैसी नदियों में कई बार बाढ़ की स्थिति बनी। पहाड़ों पर भारी बारिश का असर मैदानी इलाकों में भी दिखाई दिया।
बांधों से पानी छोड़ने की नौबत
पूर्वांचल में सोनभद्र, चंदौली और मीरजापुर के बांधों में जलस्तर बढ़ने से कई बार फाटक खोलने पड़े। सिर्फ रिहंद बांध से ही तीन से चार बार पानी छोड़ा गया। इससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बना रहा और प्रशासन को अलर्ट जारी करना पड़ा। वाराणसी में भी लंबे समय तक नौका संचालन बंद रहा, जिससे पर्यटन को भारी नुकसान झेलना पड़ा।
मानसून का बदला हुआ पैटर्न
मौसम विभाग ने 2025 के लिए मानसून की वापसी का चार्ट जारी कर दिया है। आंकड़े बताते हैं कि देश में मानसून न सिर्फ समय से पहले आया बल्कि तय समय से पहले ही विदा भी हो रहा है।