मिर्ज़ापुर
सपा सांसद राम जी लाल सुमन की सदस्यता समाप्त करने की मांग, राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन
मिर्जापुर। समाजवादी पार्टी के सांसद राम जी लाल सुमन द्वारा मेवाड़ के वीर योद्धा राणा सांगा पर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में सवर्ण आर्मी और अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन किया। महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त जिलाधिकारी हेमंत मिश्र को सौंपा गया।
सवर्ण आर्मी के जिलाध्यक्ष मुकेश पांडेय ने सपा सांसद के बयान को अस्वीकार्य बताते हुए चेतावनी दी कि यदि उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद के जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद दुबे ने कहा कि किसी भी राजनेता को महापुरुषों का अनादर करने का अधिकार नहीं है।
परिषद के प्रदेश महासचिव सूर्य प्रकाश शुक्ल ने कहा कि राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बयान अस्वीकार्य हैं, वहीं सवर्ण आर्मी के जिला संयोजक आशुतोष दत्त पांडेय ने जातिगत आधार पर महापुरुषों के अपमान का कड़ा विरोध किया।
इस विरोध प्रदर्शन में शिव कुमार शुक्ल, कृष्णकांत मिश्र, नीरेश शुक्ल, शिव कुमार श्रीवास्तव, देवेन्द्र कुमार तिवारी, सीमा सिंह, प्रकाश दुबे, गुड्डू सिंह, आनंद दुबे, विनय पांडेय, पवन पांडेय और आशीष तिवारी सहित कई पदाधिकारी और समर्थक शामिल रहे।
