वाराणसी
सपा प्रतिनिधिमंडल ने बीसीआई के पूर्व को-चेयरमैन को दिया समर्थन
वाराणसी। बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के पूर्व को-चेयरमैन श्रीनाथ त्रिपाठी के समर्थन में बुधवार को समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल वाराणसी कचहरी पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ‘लक्कड़’, एमएलसी आशुतोष सिन्हा और पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने किया। प्रतिनिधियों ने वरिष्ठ फौजदारी अधिवक्ता अनुज यादव के साथ त्रिपाठी से मुलाकात कर उन्हें सपा का पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया।
मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा, “मैं स्वयं वकील हूं, ऐसे में वकील समाज के पुरोधा के साथ अन्याय देखना असंभव है। समाजवादी पार्टी इस लड़ाई में श्रीनाथ त्रिपाठी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक उनकी पुनः बहाली नहीं हो जाती।”
इस मौके पर सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल यहां आया है। सपा का हर कार्यकर्ता इस अन्याय के खिलाफ संघर्ष को तैयार है। पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि “त्रिपाठी अधिवक्ताओं के हितों के लिए हमेशा संघर्षरत रहे हैं। उन्हें जिस मनमाने तरीके से उनके पद से हटाया गया, वह अत्यंत निंदनीय है और समाजवादी पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती है।”
वरिष्ठ अधिवक्ता अनुज यादव ने कहा कि “श्रीनाथ त्रिपाठी हमेशा अधिवक्ता हितों के लिए आवाज उठाते रहे हैं। यह बात सरकार को रास नहीं आई और इसी का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा है।” उन्होंने यह भी कहा कि अब इस लड़ाई को अधिवक्ता समाज के साथ-साथ राजनीतिक समर्थन भी प्राप्त हो रहा है।
प्रतिनिधिमंडल में सांसद वीरेंद्र सिंह, विधायक कमलाकांत राजभर, पूर्व मंत्री श्रीप्रकाश राय उर्फ लल्लन राय, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ‘लक्कड़’, एमएलसी आशुतोष सिन्हा, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल, विधायक रामअचल राजभर, वरिष्ठ अधिवक्ता अनुज यादव, सपा नेत्री रीबू श्रीवास्तव, सपा नेता प्रदीप जायसवाल, डॉ. अजय चौरसिया, सहित डीएन यादव, कमलेश यादव, प्रतीश राय, धीरेन्द्र प्रताप सिंह, राकेश तिवारी, रवि तिवारी, रोहित यादव, रुद्रनाथ तिवारी, मनीष सिंह, संतोष यादव बबलू, सुनील यादव, संदीप यादव, मयंक मिश्रा, नीरज यादव, मो. जावेद, नीरज सिंह, बंटी खान, देव प्रसाद समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता व सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
