Connect with us

वाराणसी

सनबीम के शिक्षक की हत्या, कार पार्किंग विवाद में दबंगों ने मार डाला

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के कबीरनगर में बीती रात कार पार्किंग विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। सनबीम भगवानपुर में कार्यरत शिक्षक डॉ. प्रवीण झा की दबंग पड़ोसियों ने ईंट और लोहे की रॉड से सिर कुचलकर हत्या कर दी। घटना मातृछाया अपार्टमेंट के बेसमेंट की है, जहां आरोपी तब तक हमला करते रहे जब तक शिक्षक की सांसें थम नहीं गईं।

घटना रात लगभग 10:30 बजे की है। गंभीर हालत में परिजन और स्थानीय लोग डॉ. प्रवीण झा को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हुई।

जानकारी के मुताबिक, डॉ. प्रवीण झा बाजार से लौटकर अपार्टमेंट के बेसमेंट में कार खड़ी कर रहे थे। इसी दौरान अपार्टमेंट निवासी आदर्श कुमार सिंह पटेल और प्रवीण कुमार झा ने आपत्ति जताई और विवाद शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ने मिलकर शिक्षक पर पहले हाथ-पैर से हमला किया और फिर ईंट से सिर पर वार किया। विवाद के दौरान एक आरोपी लोहे की रॉड ले आया और सिर पर वार कर दिया। खून से लथपथ शिक्षक मौके पर गिर पड़े और हमलावर उनकी मौत की पुष्टि होने तक पीटते रहे।

वारदात की सूचना पर भेलूपुर एसीपी गौरव कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और परिजनों से पूछताछ की गई। देर रात पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ जारी है।

Advertisement

एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page