वाराणसी
सड़क दुर्घटना में तीन की मौत, चाचा-भतीजी घायल
ट्रक की टक्कर से दो शिक्षकों की मौत
वाराणसी। रोहनिया के शहावाबाद में रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय किराना दुकानदार राकेश गुप्ता की मौत हो गई। राकेश अपनी बाइक से चाचा रामचंद्र गुप्ता (55) और तीन साल की भतीजी गुनगुन के साथ लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर से तीनों सड़क पर गिर गए, तभी पीछे से आई बस ने राकेश को कुचल दिया। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिसिरपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया।

परिवार में छाया मातम
हरपुर भैरवनाथ निवासी राकेश अपने परिवार में दो भाइयों में बड़े थे और तीन बेटियों के पिता थे। हादसे के बाद रामचंद्र गुप्ता ने बताया कि राकेश की किराना दुकान से ही परिवार का गुजर-बसर होता था। हादसे के बाद बस चालक बस छोड़कर फरार हो गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने बस और कार को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रक की टक्कर से दो शिक्षकों की मौत –
रविवार रात चौबेपुर के डुबकियां बाजार में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो शिक्षकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान हरिओम सिंह (36) और रणधीर शर्मा (37) के रूप में हुई है। दोनों सारनाथ थाना क्षेत्र के परशुरामपुर स्थित निजी स्कूल में शिक्षक थे। वे एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद लौट रहे थे, जब यह हादसा हुआ।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। एसीपी सारनाथ डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि शिक्षकों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
