गोरखपुर
श्री गांधी इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति कार्यक्रम आयोजित, महिला सुरक्षा पर जोर
गोरखपुर। हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के घोठवा में स्थित श्री गांधी इंटर कॉलेज में सोमवार को मिशन शक्ति 5.0 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना था।
थाना हरपुर बुदहट की पुलिस टीम ने छात्राओं को मिशन शक्ति के उद्देश्यों से अवगत कराया और कहा कि महिलाओं को सुरक्षित और सशक्त बनाना समाज के विकास के लिए अनिवार्य है। कार्यक्रम में एसआई विशाल यादव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे समाज में निर्भीक होकर अपनी बात रख पाएंगी।
मौके पर छात्राओं को डायल 112, महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 जैसे जरूरी नंबर बताए गए। साथ ही निराश्रित महिला पेंशन योजना और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर महिला हेड कांस्टेबल अनीता गौड़, प्रियंका और कांस्टेबल केशव कुमार सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
