मिर्ज़ापुर
श्रीराम जन्मोत्सव पर रामरंग में डूबा पुरजागीर, निकली भव्य शोभा यात्रा

मिर्जापुर। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर पुरजागीर चौराहा पूरी तरह राममय हो गया। पूजन-अर्चन के साथ शुरू हुई शोभा यात्रा पुरजागीर बाजार से निकलकर नगर के प्रमुख मार्गों से होकर हनुमान मंदिर श्री पट्टी चौराहा पर सम्पन्न हुई। शोभा यात्रा के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत द्वार बनाए गए थे और हर ओर जय श्रीराम के जयघोष गूंज रहे थे।
शोभा यात्रा में बैंड, डीजे, झांकियां और धर्म ध्वजाओं के साथ नगरवासी श्रद्धा और उल्लास से शामिल हुए। मार्ग पर भक्ति संगीत गूंजता रहा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति रस में सराबोर हो गया। विभिन्न मोहल्लों के लोगों ने सजावट और सेवा कार्य में भाग लिया, जिससे शोभायात्रा और भी भव्य बन गई।
कार्यक्रम का संचालन राजन बिंद ने किया, जबकि आयोजन का नेतृत्व कार्यक्रम प्रभारी राजन बिंद और संयोजक ज्ञानचंद बिंद ने किया। शोभा यात्रा से पूर्व राम दरबार की पूजा-अर्चना की गई जिसमें जिला पंचायत सदस्य आनंद कुमार बिंद सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
समस्त व्यवस्थाओं को सुचारु रूप देने में सर्व व्यवस्था प्रमुख राजन बिंद, अध्यक्ष ज्ञानचंद बिंद, संयोजक रतन सेठ और अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।