वाराणसी
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सख्त हुयें पुलिस आयुक्त, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के आदेश
काशी में बढ़ती भीड़ के बीच पुलिस आयुक्त ने दिया सुरक्षा पुख्ता करने का निर्देश
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बीती रात दालमंडी से लेकर श्री काशी विश्वनाथ धाम तक पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को अतिक्रमण हटाने और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि वर्ष 2024 की समाप्ति और छुट्टियों के कारण काशी में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाए कि श्री काशी विश्वनाथ धाम सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने निर्देश दिया कि प्रमुख मार्गों और बाजारों में अतिक्रमण पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों की पार्किंग को नियमित करने के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए। आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी पुलिसकर्मी सतर्क रहें और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करें।
पुलिस आयुक्त ने यह भी कहा कि रोजाना अतिक्रमण पर ध्यान देकर उसे हटवाया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित न हो। धर्मस्थलों और प्रमुख स्थानों पर पुलिस की सतर्कता के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
