वाराणसी
शादी का भरोसा देकर बनाए संबंध, मुकरने पर वीडियो वायरल की धमकी; युवती ने पुलिस से लगाई गुहार
रक्षा मंत्रालय में अधिकारी होने का दावा कर बढ़ाई नजदीकी
वाराणसी। चौबेपुर थानाक्षेत्र की एक युवती ने बुलंदशहर निवासी प्रणव ठाकुर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। युवती का कहना है कि मेट्रीमोनियल साइट के माध्यम से उसकी पहचान प्रणव ठाकुर से हुई थी। आरोप है कि युवक ने स्वयं को रक्षा मंत्रालय में अधिकारी बताते हुए उससे नजदीकी बढ़ाई और शादी का भरोसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसने शादी से इनकार कर दिया। युवती का यह भी आरोप है कि जब उसने कार्रवाई की बात कही तो प्रणव उसे निजी वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा।
पीड़िता की तहरीर पर फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किए जाने की बात कही जा रही है। युवती ने अपनी तहरीर में बताया है कि उसने विवाह के लिए एक मेट्रीमोनियल साइट पर अपनी जानकारी दर्ज की थी। उसी के माध्यम से सितंबर 2025 में बुलंदशहर के चांदपुर निवासी प्रणव ठाकुर से उसकी बातचीत शुरू हुई। युवती के अनुसार प्रणव ने खुद को रक्षा मंत्रालय में अधिकारी बताया था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं।
युवती का आरोप है कि सितंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच प्रणव कई बार वाराणसी आया। इस दौरान उसने शादी का आश्वासन देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती के अनुसार शुरू में सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन 25 जनवरी के बाद उसके व्यवहार में अचानक बदलाव आ गया और उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने उससे शादी और किए गए वादे के बारे में पूछा तो उसने साफ इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी देने लगा। युवती ने आरोप लगाया कि प्रणव लगातार निजी वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है, जिससे वह बेहद डरी हुई है। साथ ही उसने यह भी कहा कि प्रणव रक्षा मंत्रालय का हवाला देकर दबाव बनाता है और कहता है कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता, इसलिए रिश्ता यहीं खत्म कर दिया जाए।
