चन्दौली
शहीद हीरा सिंह राजकीय पीजी कॉलेज में नशा मुक्ति जागरूकता शिविर संपन्न
धानापुर (चंदौली)। शहीद हीरा सिंह राजकीय पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता शिविर का आयोजन किया। इस अभियान के तहत विद्यार्थियों ने पूरे बाजार में जागरूकता रैली निकाली और नारे लगाते हुए लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया। “नशा नहीं, जिंदगी चुनें”, “आओ मिलकर कसम खाएं, नशा मुक्त देश बनाएं” जैसे नारों से बाजार गूंज उठा।
थाना चौराहा पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया। छात्र कमलेश प्रजापति ने कहा कि समाज सेवा हम सभी की जिम्मेदारी है और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए हर व्यक्ति को जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है, जिससे बच्चों की शिक्षा भी बाधित होती है।
कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) सुभाष राम के नेतृत्व में हो रहे विभिन्न आयोजनों की सराहना की जा रही है। लोगों का मानना है कि उनके प्रयासों से कॉलेज को एक नई पहचान मिल रही है।
इस अवसर पर डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि लड़कियां समाज को नशा मुक्त बनाने और अन्य सामाजिक बुराइयों को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने आम जनता से इस अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की।
इस जागरूकता अभियान में संध्या गुप्ता, अंजलि, अंजनी, नीतू गुप्ता, रेनू गोड़, विद्या विश्वकर्मा, आँचल, सत्यप्रकाश, शिवशंकर, सपना राय, संजना पटेल, अंजू, शालिनी सिंह, बेबी, सुनैना, ज्योति मिश्रा, नेहा गुप्ता, नाजिया निशा, साविता श्रेया दुबे सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
