वाराणसी
शराब ठेके के पास मिला युवक का शव; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
वाराणसी। जिले के सारनाथ थाना क्षेत्र के रजनहिया निवासी सतीश पटेल (25 वर्ष) का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है, जबकि पुलिस प्रारंभिक तौर पर मामले को दुर्घटनाजन्य मृत्यु मानकर जांच कर रही है। सतीश का शव गत सुबह शराब ठेके के पास लावारिस हालत में पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया था।
बाद में शिनाख्त होने पर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया। शव गांव पहुंचने पर परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए तथा सतीश का शव सड़क पर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचीं एसीपी विदुष सक्सेना ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त कर दिया गया और परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी है, जिस पहलू की भी जांच की जा रही है।
मृतक के पिता अशोक ने बताया कि 8 मार्च को सतीश टी-20 वर्ल्डकप का मैच देखने के लिए अपनी बाइक से पड़ोसी गांव गया था। रात में वह घर नहीं लौटा। अगली सुबह उसका भाई विजय घर से निकला तो कुछ दूरी पर स्थित शराब ठेके के पास सतीश की बाइक खड़ी मिली और वहां खून भी बिखरा हुआ था। इसकी सूचना मिलने पर परिजन थाने पहुंचे।
अशोक के अनुसार पुलिस ने उन्हें बताया कि यह दुर्घटना में हुई मौत का मामला है और शव मोर्चरी में रखा गया है। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया था। देर शाम शव परिजनों को सौंपा गया। शव रजनहिया पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और सड़क पर शव रखकर विरोध जताने लगे। सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनाजन्य मृत्यु का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृतक के पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
