Connect with us

वाराणसी

शंकराचार्य प्रकरण में कोर्ट का हस्तक्षेप, संत समाज के समर्थन में उतरी कांग्रेस

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की संभावित गिरफ्तारी पर रोक लगाए जाने के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने इसे धर्म, सत्य, भगवान शंकराचार्य और करोड़ों सनातनियों की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि न्यायालय का यह निर्णय न्याय और सत्य की विजय का प्रतीक है तथा संविधान और विधि के अनुरूप दिया गया निष्पक्ष फैसला लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करता है।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया कि मोदी–योगी सरकार सुनियोजित साजिश के तहत पूज्य शंकराचार्य जी को बदनाम करने का प्रयास कर रही थी। उन्होंने कहा कि भगवान शंकराचार्य जी का अपमान पूरे सनातन धर्म का अपमान है। शंकराचार्य भगवान के स्वरूप हैं और उनके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुर्भावना और द्वेष की भावना से पूज्य शंकराचार्य जी को निशाना बनाने के प्रयास पर न्यायालय की यह रोक करारा जवाब है। सत्य को दबाने की हर कोशिश अंततः विफल होती है — सत्यमेव जयते।

अजय राय ने कहा कि काशीवासी और कांग्रेसजन पूज्य शंकराचार्य जी के साथ मजबूती से खड़े हैं और उनका अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार को चेताते हुए कहा कि तानाशाही अधिक समय तक नहीं चलती, जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका उचित उत्तर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संतों और धर्माचार्यों की गरिमा को ठेस पहुंचाना भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा के विरुद्ध है। काशी संत परंपरा की पावन भूमि रही है, जहां संतों का सम्मान सर्वोपरि माना जाता है और ऐसी परंपरा को आहत करने का कोई भी प्रयास निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस विषय में तथ्य और प्रमाण के साथ जनता के बीच सच्चाई रखेगी। प्रदेश के प्रत्येक जिले में जिला एवं महानगर अध्यक्षों के माध्यम से प्रदेश मुख्यालय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। संत समाज और पूज्य शंकराचार्य जी की गरिमा की रक्षा के लिए कांग्रेसजन पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक पूरी ताकत के साथ लड़ेगी और संत समाज के सम्मान पर किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। साथ ही माननीय न्यायालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने आशा जताई कि आगे भी सत्य और संविधान की इसी प्रकार विजय होती रहेगी — सत्यमेव जयते।

उधर न्यायालय का निर्णय आने के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने केदार घाट स्थित विद्या मठ पहुंचकर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज से भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कांग्रेसजनों ने न्यायालय के फैसले पर हर्ष व्यक्त किया।

Advertisement

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा, प्रमोद वर्मा, किशन यादव, प्रेमदीप तिवारी और अवधेश पाठक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page