राज्य-राजधानी
वोटर लिस्ट से नाम कटने पर सपा का जोरदार विरोध, मेंहदावल एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
संतकबीर नगर। वोटर लिस्ट से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटे जाने के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। सपा नेताओं ने इसे लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश करार देते हुए शासन एवं प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
सोमवार को सपा का एक प्रतिनिधिमंडल मेंहदावल उप जिलाधिकारी संजीव कुमार राय से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि बिना उचित जांच और सूचना के मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं, जिससे आम जनता के मताधिकार का हनन हो रहा है। पार्टी ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए।
सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
