पूर्वांचल
विवेकानंद यूथ अवार्ड से नवाजे गए सुल्तानपुर के अभिषेक, मुख्यमंत्री ने दिया 50 हजार का चेक
समाज सेवा के क्षेत्र में 9 साल में सुल्तानपुर जिले के लंभुआ कोतवाली अंतर्गत तेरये गांव के अभिषेक सिंह ने वो कीर्तिमान हासिल किया कि यूपी के सीएम योगी ने उन्हें विवेकानंद यूथ अवार्ड से सम्मानित किया और उन्हें 50 हजार का चेक प्रदान किया। अभिषेक की इस उपलब्धि से पूरा जिला गदगद है।
मरीज को रक्त की जरूरत हो, भूखे को रोटी, ठंड में गरीब को कंबल और कपड़े, गरीब के बच्चे को कॉपी-पैंसिल और झुग्गी में रह रहे लोगों को हर होली-दिवाली मिठाई व अन्य जरूरत की चीजों की। ये सब अपनी टीम के साथ लेकर अभिषेक जरूरतमंदों के बीच कहने से पहले मौजूद होते हैं। शायद उन सबकी दुआएं रही कि अभिषेक को उत्तर प्रदेश के अंदर समाज सेवा के रूप में आज पहला स्थान मिला।
सेवा क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने के लिए अभिषेक को सीएम योगी ने राजधानी लखनऊ में 50 हजार की राशि,स्वामी विवेकानंद की कांस्य प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही एक सड़क का नामकरण उनके नाम पर करने की घोषणा की। अभिषेक, जिले में करीब ढाई वर्षों से वनडे हंगर स्ट्रीक मुहिम चला रहे हैं जिसमें वो अपने दोस्तों के साथ शहर में रात में निकलकर टोले मोहल्ले में गरीबों तक भोजन पहुंचाते हैं। अंकुरण फाउंडेशन जैसी संस्था के जरिए लगभग पांच वर्षों से अधिक समय से वे ब्लड डोनेशन, गरीब बच्चों की पढ़ाई और त्योहारों पर उनकी मदद करते हैं। उनकी एक आवाज पर बहुत सारे लोग एक बार में उनके साथ जुड़कर पुण्य के भागीदार बनते हैं।

ये जज्बा केवल अभिषेक का ही नहीं है, बल्कि उनकी जीवन साथी बनी शिवानी सिंह के विचार भी पति से मिलते-जुलते हैं। जनवरी 2023 में अपनी इंगेजमेंट के मौके पर उन्होंने अभिषेक के साथ ब्लड बैंक जाकर पहले रक्तदान किया था फिर रस्में अदा की थी।
