वाराणसी
विवाहिता ने मानी जिंदगी से हार, परिवार में मचा कोहराम
वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के सिहोरवा गांव की विवाहिता ने जिंदगी से हार मान ली और साड़ी का फंदा बनाकर पंखे के सहारे लटक कर अपनी इहलीला समाप्त कर दी। घटना की सूचना पर घर पहुंचे पति और मायके वालों के सामने कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। जंसा पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य संकलन करवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं इस घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया। बच्ची का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था। उसके पिता उसे सांत्वना दे रहे थें।

जानकारी के अनुसार, सिहोरवा गांव में दिलीप अपने परिवार के साथ रहता है। दिलीप शहर में ड्राइवर का काम करता है। शुक्रवार को वह अपने काम पर चला गया और उसकी 6 वर्षीय बेटी साक्षी स्कूल चली गई। इसी दौरान उसकी पत्नी सुनीता (30) ने कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। स्कूल से लौट कर जब बेटी घर पर आई तब उसने घर में किसी भी प्रकार का हलचल न होने पर अपनी मां को आवाज़ लगाई। प्रतिक्रिया न आने पर उसने हर एक कमरे को देखा। एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के बाद वह लगातार दरवाजा खटखटाती रही। तभी घर पर गैस सिलेंडर वाला भी आ गया। उसने भी दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी। इसके बाद पड़ोसियों ने इसकी सूचना बच्ची के पिता को दी।
जानकारी मिलते ही विवाहिता के मायका पक्ष और पति दिलीप पहुंचा। इस दौरान सूचना मिलते ही जंसा पुलिस भी पहुंच गयी। सबकी मौजूदगी में पुलिस ने दरवाजा तोडकर विवाहिता के शव को फंदे से उतारा। इस मामले में जंसा थानाध्यक्ष वैद्यनाथ सिंह ने कहा कि, जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आ जाता तब तक मौत का सही कारण पता नहीं चल पाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
