मुम्बई
विपक्ष के झूठ का हम करेंगे पर्दाफाश : एकनाथ शिंदे
इंडिया गठबंधन ने संविधान बदलने का झूठा नैरेटिव सेट किया
रिपोर्ट – धर्मेंद्र सिंह धर्मा, ब्यूरो चीफ मुंबई
मुंबई। कार्यकाल के अंतिम सत्र में शिंदे सरकार विपक्ष के कार्यप्रणाली को लेकर आक्रामक दिखाई दे रही है। सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि, वह विपक्ष के बंद घोटाले सदन में रखेंगे और उनके झूठ का पर्दाफाश करेगा। डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि, चुनाव में झूठ के सहारे जीतने वालों को उनकी जगह दिखाएंगे। विपक्ष को अपना चेहरा आईने में एक बार देख लेना चाहिए। हम उनके झूठे नैरेटिव की फैक्ट्री का पर्दाफाश करेंगे।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि, “सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। विपक्ष (इंडिया गठबंधन) लोगों को भ्रमित कर रहा है। उन्होंने संविधान बदलने का झूठा नैरेटिव सेट किया, इसका उन्हें चुनाव में फायदा जरूर मिला। देशभर में कांग्रेस केवल 99 सीटें जीत पाई। उन्हें बीजेपी की 240 सीटों तक पहुंचने में 25 साल लग जाएंगे। उद्धव सेना और हमारी पार्टी का 13 सीटों पर आमना-सामना हुआ, जिसमें से हमने 7 सीटें जीतीं। मुंबई में विपक्ष का स्ट्राइक रेट 42 फीसदी है, जबकि हमारा 47 फीसदी है। उनकी जीत का खुमार जल्द ही उतर जाएगा।”
पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खोके सरकार का विदाई अधिवेशन वाले बयान पर ताना मारते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि, “यह फैसला जनता-जनार्दन करेगी। हम सड़क पर रहकर काम करने वाले लोग हैं, जनता को पता है कि काम करने वाली सरकार किसकी है।”
