जौनपुर
विदेश में नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी, चार आरोपितों पर केस दर्ज
जौनपुर। क्षेत्र के गजेंद्रपुर गांव निवासी एक युवक के साथ विदेशी कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर 6.62 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। प्रकरण में पुलिस ने महिला समेत चार नामजद आरोपितों के विरुद्ध धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पवन सिंह ने पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पिता विजय प्रताप सिंह गुजरात के सूरत में नौकरी करते हैं। वहीं उनकी मुलाकात सुजानगंज थाना क्षेत्र के ऊचगांव निवासी उमा शंकर सिंह से हुई, जिससे परिचय धीरे-धीरे घनिष्ठता में बदल गया। पवन सिंह के अनुसार, उनके पिता ने उमा शंकर सिंह से उनके छोटे भाई अमन सिंह को नौकरी दिलाने का अनुरोध किया था।
आरोप है कि उमा शंकर सिंह और उसके तीन साथियों ने सिंगापुर की एक कंपनी में मुंबई में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और अलग-अलग तिथियों में नकद व खाते में ट्रांसफर के माध्यम से कुल 6,62,450 रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपितों ने सिंगापुर की कंपनी का नियुक्ति पत्र भी दे दिया। अमन सिंह जब उक्त नियुक्ति पत्र लेकर नौकरी ज्वाइन करने मुंबई पहुंचे तो पता चला कि उस नाम की कोई कंपनी अस्तित्व में ही नहीं है।
पीड़ित पक्ष द्वारा रुपये वापस मांगने पर आरोपित लगातार टालमटोल करते रहे और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया। कुछ समय बाद आमना-सामना होने पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और रकम लौटाने से साफ इन्कार कर दिया।
थाना प्रभारी रामाश्रय राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर सूरत निवासी उमा शंकर सिंह, मुंबई की नीलम सिंह, चंद्रभान सिंह और अभय प्रताप सिंह (पता अज्ञात) के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
