वाराणसी
विदेशी महिला पर्यटक का अश्लील वीडियो बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। दशाश्वमेध थाने की पुलिस ने एक विदेशी महिला पर्यटक का अश्लील वीडियो बनाने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान जौनपुर जिले के केराकत थाने के उसरना गांव के निवासी और गुजरात के सूरत में रहने वाले बृजेश कुमार मिश्रा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दक्षिण कोरिया की रहने वाली महिला पर्यटक दशाश्वमेध क्षेत्र के एक पेइंग गेस्ट हाउस में ठहरी हुई थीं। जब वह नहा रही थीं, तब आरोपी बृजेश ने गुप्त रूप से उनका वीडियो बनाने की कोशिश की। महिला ने आरोपी की हरकत को पकड़ लिया और तुरंत दशाश्वमेध थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बृजेश को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में एसीपी दशाश्वमेध प्रज्ञा पाठक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
