वाराणसी
विकास खंड बड़ागांव में सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी
वाराणसी। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने सोमवार को विकास खंड बड़ागांव का दौरा किया। ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक में ग्राम प्रधानों और अधिकारियों के साथ संवाद कर विभिन्न शासकीय योजनाओं की स्थिति का मूल्यांकन किया गया।
बैठक में विद्यालयों के कक्षों की स्थिति, छात्रों की उपस्थिति, आंगनबाड़ी केंद्रों पर पुष्टाहार वितरण, अपात्र अंत्योदय कार्डधारकों का राशन कार्ड निरस्तीकरण, बिजली, सड़क, जल जीवन मिशन, ग्राम पंचायतों में सफाई, आरआरसी केंद्र का संचालन और वृद्धा, विधवा व दिव्यांग पेंशन जैसी योजनाओं पर चर्चा हुई।
सीडीओ ने स्पॉन्सरशिप योजना, टीवी मुक्त पंचायत, फैमिली आईडी, फार्मर आईडी और पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत वंचित परिवारों को लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने प्रधानों से अपील की कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं से वंचित न होने दिया जाए।
इस दौरान खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए कि ब्लॉक परिसर की नियमित साफ-सफाई कराई जाए, पत्रावलियों को क्रमबद्ध ढंग से अलमीरा में इंडेक्स सहित सुरक्षित रखा जाए और अनुपयोगी पत्रावलियों की नियमानुसार विदिंग की जाए।
कार्यक्रम में उपायुक्त स्वतः रोजगार पवन सिंह, उपायुक्त श्रम रोजगार देवेंद्र कुमार ओझा, सहायक जिला पंचायतराज अधिकारी राकेश यादव, खंड विकास अधिकारी उमेश कुमार कौशल सहित ब्लॉक व तहसील स्तर के समस्त अधिकारी, कर्मचारी और ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।
