गोरखपुर
वार्षिकोत्सव से लौट रही 12 वर्षीय किशोरी लापता, तलाश में जुटी पुलिस
गोरखपुर। खजनी थाना क्षेत्र में एक 12 वर्षीय किशोरी के लापता होने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। वार्षिकोत्सव कार्यक्रम से घर लौटते समय बच्ची के अचानक गायब हो जाने से परिवार में कोहराम मचा है और गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी रविवार को क्षेत्र के बघागड़ा स्थित एक विद्यालय में आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकली थी। दिनभर कार्यक्रम में भाग लेने के बाद शाम को वह स्कूल बस से अपने गांव के पास बरडांड चौराहे पर उतरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस से उतरने के बाद वह घर की ओर जाती देखी गई, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।
काफी देर तक जब किशोरी घर नहीं पहुंची तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने आसपास के लोगों, रिश्तेदारों और परिचितों से जानकारी जुटाई, लेकिन कहीं से कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने विद्यालय प्रशासन से संपर्क किया, जहां से पुष्टि हुई कि बच्ची कार्यक्रम के बाद बस से रवाना हो चुकी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने खजनी थाने में सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और तत्काल खोजबीन शुरू कर दी गई। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम गठित कर बरडांड चौराहे सहित आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही खेतों, नहरों, बाग-बगीचों और सुनसान स्थानों पर भी सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर संभावित पहलू अपहरण, बहलाने-फुसलाने या अन्य कारणों को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और जल्द ही बच्ची का पता लगाने की पूरी कोशिश की जा रही है।
घटना के बाद से इलाके में भय और चिंता का माहौल है। अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं, वहीं परिजन मासूम बच्ची के सकुशल वापस लौटने की उम्मीद में हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
