सियासत
वाराणसी से पीएम मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे अजय राय, कांग्रेस ने जारी की 46 उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने शनिवार को लोकसभा चुनाव के मद्देनजर चौथी लिस्ट जारी कर दी है। जैसी कि सूत्रों के अनुसार चर्चा थी, लिस्ट उसके ही मुताबिक सामने आई है। कांग्रेस ने वाराणसी लोकसभा सीट से एक बार फिर अजय राय को टिकट दिया है। टिकट मिलने की खुशी में अजय राय के समर्थकों और कार्यकर्ताओं में हर्षोल्लास की भावना उमड़ पड़ी। लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी।
अजय राय इससे पहले 2014 और 2019 में भी वाराणसी लोकसभा सीट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। इस बार कांग्रेस के साथ समाजवादी पार्टी का भी गठबंधन है। ऐसे में कांग्रेस को उम्मीद है कि सपा का वोट और कांग्रेस का वोट अगर मिल जाए तो पीएम मोदी को चुनावी टक्कर दी जा सकती है।

ज्ञातव्य है कि, 2014 में पीएम मोदी वाराणसी लोकसभा सीट पर से 5 लाख 81 हजार 22 वोट से विजयी हुई थे। दूसरे नंबर पर आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल रहे थे। इस दौरान केजरीवाल को 2 लाख 92 हजार 238 वोट ही मिले थे। जबकि कांग्रेस उम्मीदवार अजय राय को सिर्फ 75 हजार 614 वोट ही मिल पाए थे।

2019 लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने अजय राय को एक बार फिर से टिकट दिया और उन्हें पीएम मोदी के सामने खड़ा किया। मगर पीएम मोदी के लोकप्रियता के सामने विपक्षी उम्मीदवार कहीं नजर नहीं आए। इस चुनाव में पीएम मोदी को 6,74,664 लाख वोट मिले। सपा उम्मीदवार शालिनी यादव को 1,95,159 वोट ही मिले सके। जबकि कांग्रेस उम्मीदवार अजय राय दूसरी बार भी कोई कमाल नहीं कर पाए और उन्हें सिर्फ 1,52,548 वोट ही मिले। वह तीसरे स्थान पर रहे।
ऐसे में अब कांग्रेस ने अजय राय पर तीसरी बार भरोसा जताते हुए उन्हें वाराणसी से लोकसभा चुनाव के मद्देनजर तीसरी बार उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में देखना यह है कि क्या अजय राय तीसरी बार कोई रिकॉर्ड कायम कर सकते हैं ? या फिर उन्हें तीसरी बार भी हार का सामना करके हैट्रिक लगाना पड़ेगा ? इसका फैसला काशी की जनता जनार्दन ही करेगी।
