वाराणसी
वाराणसी : लोकसभा चुनाव की समीक्षा बैठक में कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने पुलिस अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
वाराणसी। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर रविवार को कैंप कार्यालय में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने काशी जोन की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अब तक चुनाव कार्य प्रणाली से संबंधित तैयारियों और पुलिस की कार्यशैली की समीक्षा की। उन्होंने थानेदारों को संबोधित करते हुए कहा कि, आपकी कार्यशैली और कार्रवाई सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि निष्पक्ष रूप से भी दिखाई देनी चाहिए। असामाजिक तत्वों के विरूद्ध थाना प्रभारी कार्यवाही सुनिश्चित करायेंगें । निगरानी के लिए थाने पर नियुक्त सभी पुलिसकर्मियों को 1 से 2 गांव या मोहल्ले आवंटित किया जायेगा जहां वह पुलिसकर्मी उस गांव से सम्बन्धित किसी भी प्रकार की जानकारी चौकी हल्का प्रभारी के साथ-साथ थाना प्रभारी को भी देंगे।

शांतिपूर्वक मतदान के लिए अवैध शराब, मादक पदार्थ, अवैध हथियार की तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करें। असामाजिक तत्वों के विरूद्ध गैंगस्टर, गुण्डा या निरोधात्मक कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा, क्षेत्र के लाइसेंसी असलहों को जमा कराने का काम युद्धस्तर पर होना चाहिए।
पुलिस कमिश्नर ने आगे कहा कि, आपराधिक इतिहास वाले उम्मीदवारों की गतिविधियों की निगरानी के लिए पुलिस स्कोर्ट व वीडियोग्राफी की व्यवस्था रहेगी। पिछले 10 वर्षों में हुए चुनाव के दौरान गड़बड़ी या हिंसा अथवा आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति पुलिस की नजर में रहे और उन पर निरोधात्मक कार्यवाही करें। हिस्ट्रीशीटर, गुण्डा, गैंगेस्टर, माफिया व अन्य अपराधियों की प्रतिदिन हाजिरी लें और उनकी गतिविधियों पर नजर रखें।

आचार संहिता से अब तक काशी जोन में चुनाव की तैयारियों को लेकर 107/116 सीआरपीसी के तहत 10045 के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही 75 व्यक्तियों के विरूद्ध गुंडा एक्ट/110 जी सीआरपीसी के तहत कार्रवाई की गई है। अवैध 11 शस्त्र और 15 कारतूस की बरामदगी हुई है। इसके साथ ही 3288 लाइसेंसी असलहे को जमा करवाया गया है। 176 नॉन बेलेबल वारंट का तामीला करवाया गया है।
इसके अलावा पुलिस की प्रॉपर एक्टिविटी के कारण 350 लीटर अवैध शराब, 37 किलो गांजा और 300 ग्राम अन्य मादक पदार्थ की बरामदगी हुई है।
इस बैठक में संयुक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध के. एजिलरसन, अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था एस. चन्नप्पा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन चन्द्रकान्त मीना, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात राजेश कुमार पाण्डेय सहित काशी जोन के समस्त सहायक पुलिस आयुक्त एवं प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष मौजूद रहें।
