शिक्षा
वाराणसी में RTE पोर्टल खुला, 1,582 निजी स्कूलों में नि:शुल्क दाखिला शुरू
वाराणसी। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत निजी विद्यालयों में गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों के निशुल्क प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लंबे समय से पोर्टल खुलने का इंतजार कर रहे अभिभावकों के लिए यह बड़ी राहत है। इस सत्र में आरटीई के अंतर्गत जिले में कुल 10,186 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार आरटीई के नियमों में दो अहम बदलाव किए गए हैं। पहले लागू एक किलोमीटर की परिधि में विद्यालय चयन की व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है। नए प्रावधान के तहत अब जिस गांव या मोहल्ले में बच्चे का निवास होगा, उसी क्षेत्र में स्थित विद्यालय में उसे प्रवेश मिलेगा। इससे विद्यालयों में आवेदन के असंतुलन की स्थिति समाप्त होने की उम्मीद है।
इसके साथ ही आरटीई के तहत प्रवेश के लिए बच्चों के आधार कार्ड की अनिवार्यता भी खत्म कर दी गई है। अब आवेदन के लिए केवल अभिभावकों का आधार कार्ड मान्य होगा। जिले में बेसिक शिक्षा परिषद के पोर्टल पर 1,582 निजी विद्यालय पंजीकृत हैं, जहां कक्षा एक में 25 प्रतिशत सीटों पर आरटीई के तहत निशुल्क प्रवेश दिया जाता है।
अब तक की व्यवस्था में एक किलोमीटर की परिधि के कारण प्रतिष्ठित विद्यालयों में प्रवेश के लिए अधिक आवेदन आ जाते थे, जबकि कुछ विद्यालयों में आवेदन बेहद कम रहते थे। नियमों में बदलाव के बाद किसी एक विद्यालय में आवेदन की अधिकता नहीं होगी और प्रवेश प्रक्रिया अधिक संतुलित होने की संभावना है।
पिछले शैक्षणिक सत्र 2025-26 में जिले में आरटीई के तहत 10,409 सीटें आरक्षित की गई थीं, लेकिन इनमें से केवल 6,539 बच्चों का ही नामांकन हो सका था। इस सत्र में पोर्टल फरवरी के पहले सप्ताह में खोला गया है, जबकि पिछले वर्षों में यह प्रक्रिया पहले शुरू हो जाती थी।
पिछले दस वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2015-16 में 81, 2016-17 में 1,709, 2017-18 में 4,333, 2018-19 में 5,537, 2019-20 में 10,424, 2020-21 में 8,522, 2021-22 में 4,795, 2022-23 में 3,930, 2023-24 में 4,452, 2024-25 में 5,552 और 2025-26 में 6,539 बच्चों को आरटीई के तहत प्रवेश मिला था। इस बार बदली हुई व्यवस्था से अधिक संख्या में बच्चों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
