अपराध
वाराणसी में लॉरेंस गैंग के हैकर को मिली जमानत, साड़ी कारोबारी से की थी लाखों की ठगी
वाराणसी की जिला और सत्र न्यायालय ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के करीबी और साइबर अपराधी आशीष विश्नोई को जमानत दे दी है। आरोप है कि आशीष ने साड़ी व्यवसायी से निवेश के नाम पर 27.50 लाख रुपये की ठगी की थी। बुधवार रात विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम विनोद कुमार की अदालत ने उसे जमानतदारों और बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया। अभियोजन पक्ष द्वारा दिए गए तर्कों के बावजूद, सबूतों की कमी के कारण जमानत मंजूर हो गई।
राजस्थान के अनूपगढ़ निवासी आशीष को अंतरराष्ट्रीय हैकर गिरोह का सदस्य बताया गया है जिसे लॉरेंस बिश्नोई और अन्य अपराधी गिरोह अपने कामों के लिए इस्तेमाल करते थे। हाल ही में वाराणसी साइबर टीम ने राजस्थान के पाकिस्तान सीमा के पास स्थित श्रीगंगानगर से उसे तीन अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार अन्य अपराधियों में राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले का प्रिंस खोड, बिकानेर के हरीश विश्नोई और श्रीगंगानगर के मनदीप सिंह शामिल थे।

डीसीपी प्रमोद कुमार के अनुसार, आशीष लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नेता और एक कुशल हैकर है, जिसका इस्तेमाल कई अपराधी गिरोह बड़े पैमाने पर वेबसाइट हैकिंग और धन की निकासी के लिए करते थे। आशीष ने साइबर ठगी का नेटवर्क पाकिस्तान सीमा के करीब स्थापित किया था और उसकी गतिविधियों का दायरा दुबई, कनाडा, इंडोनेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, चीन, सिंगापुर, थाईलैंड और कंबोडिया तक फैला हुआ था। आशीष के पास सॉफ्टवेयर हैकिंग की विशेष जानकारी है और वह ब्रांडेड कंपनियों की फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को ठगने में माहिर था।
