अपराध
वाराणसी : बेरोजगारों को ठगने वाले दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, फर्जी जॉइनिंग लेटर देकर सैकड़ो को ठगा
शिवपुर पुलिस और एसओजी की टीम ने संयुक्त रूप से मिलकर दो ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है जो बेरोजगारों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से 2 लैपटाप, एडाप्टर, 5 मोबाईल, 5 की-पैड मोबाईल, 2 बैंक पासबुक, 1 बैनर, 2937 पंपलेट, 1 नेम प्लेट लकड़ी का, 1 रजिस्टर, 27 ज्वाइनिंग लेटर, ट्रेनिंग लेटर, 1 लैंडलाइन फोनसेट, 2 एयरटेल एक्सट्रीम फाइबर राउटर चार्जर के साथ बरामद किया है।
शुक्रवार को पुलिस लाइन में डीसीपी क्राइम चंद्रकांत मीणा ने आयोजित प्रेसवार्ता में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि, पकड़े गए दोनों आरोपी बेरोजगार लोगों को एयरपोर्ट, पारले जी, बिस्लेरी, अमूल डेयरी जैसे नामी कंपनियों में नौकरी दिलाने के लिए पैंपलेट में विज्ञापन छपवाते थे। दिए गए नंबर पर जब बेरोजगार युवक-युवतियां संपर्क करते हुए नौकरी दिलाने के नाम पर पहले से पैसे ले लेते थे। व्हाट्सएप पर डॉक्यूमेंट मंगवाकर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर बनवाकर दे देते थे। इन्होंने अब तक सैकड़ो बेरोजगारों को ठगा है।

लगातार ऐसी शिकायत मिलने पर एसओजी और शिवपुर पुलिस को लगाया गया था। संयुक्त टीम ने नितिन कुमार उपाध्याय और अभियुक्ता रेशमा को वी. के. ग्रुप ऑफ कम्पनीज भोजूबीर पंचकोशी मार्ग शिवपुर से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने बताया कि, वह अपंजीकृत कंपनी चलाते थे और अपने ऑफिस में चार लड़कियों को 6000 मासिक सैलरी पर रखे हुए थे। कम समय में ज्यादा पैसा कमाने की लालच में हमने फर्जी कंपनी खोलकर बेरोजगार लोगों को ठगना शुरू कर दिया। हम बेरोजगार व्यक्तियों को टारगेट करके उन्हें अपने झांसे में लेकर फर्जी जॉइनिंग लेटर थमा देते थे और बदले में रजिस्ट्रेशन, अन्य चार्ज के नाम पर पैसे वसूल लेते थे। यह पैसा अपने बैंक खाते और ऑफिस के नौकर संदीप के खाते में भी ट्रांसफर करवा देते थे।
