वाराणसी
वाराणसी : जैन, सिख और बौद्ध मंदिरों का होगा कायाकल्प, बढ़ेगी देश-विदेश से श्रद्धालुओं की संख्या
रिपोर्ट – अंजली मिश्रा
धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी काशी में उत्तर प्रदेश सरकार ने पर्यटन की दृष्टि से श्रद्धालुओं की सुविधाओं को देखते हुए पर्यटन विभाग के अंतर्गत जैन, सिख, बौद्ध मंदिरों का कायाकल्प कराने की शुरुआत करने जा रहा है। इसे लेकर विभाग ने मंदिरों को चिन्हित कर शासन को सूची भेज दिया है।
विभाग का यह प्रोजेक्ट लगभग 20 करोड़ का है। शासन से स्वीकृति मिलते ही 2 साल के अंदर ही इस बड़े प्रोजेक्ट को तैयार कर दिया जाएगा। इन मंदिरों के विस्तार के बाद काशी में पर्यटकों की संख्या में और भी इजाफा होगा।

पर्यटन उपनिदेशक आर के रावत ने बताया कि, काशी में मंदिरों के कायाकल्प करने की योजना विभाग द्वारा किया जा रहा है। जिसके तहत हिंदू मंदिरों को योजना के तहत संरक्षित किया जा रहा है। अब विभाग द्वारा काशी के प्रमुख जैन, गुरूद्वारा और बुद्ध मंदिरों को संरक्षित करने की योजना बनी है। शासन को इसकी संस्तुति भेजी गई है। आदेश मिलते ही जल्द यह संरक्षण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। पहले फेज में चार गुरुद्वारा, आधा दर्जन जैन मंदिर व चार बुद्ध मंदिरों को शामिल किया गया है।


उन्होंने कहा कि, मंदिरों में पर्यटकों के सुविधा के लिए रैंप, लाइट, पार्किंग और मार्ग को दुरुस्त कराया जायेगा। इसके आलावा मंदिर के स्वरूप को नए कलेवर के रूप में आम जनमानस के लिए तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हर मंदिर के मुख्यद्वार को आकर्षित बनाया जायेगा। साथ ही मंदिर के बाहर क्यूआर कोड लगाया जाएगा जिससे आने वाले पर्यटक अपने मोबाइल में मंदिर की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकें।
