Connect with us

गोरखपुर

वरिष्ठ पत्रकार विवेक कुमार अस्थाना का निधन

Published

on

कला व पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

गोरखपुर। वरिष्ठ रंगकर्मी एवं पत्रकार विवेक कुमार अस्थाना का 52 वर्ष की आयु में हृदयगति रुक जाने से असामयिक निधन हो गया। उनके अचानक चले जाने से कला, रंगमंच और पत्रकारिता जगत में गहरा शोक व्याप्त है। उनके निधन की खबर मिलते ही सहयोगियों, मित्रों और शुभचिंतकों में स्तब्धता फैल गई।

विवेक कुमार अस्थाना लंबे समय से रंगमंच से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे। एक संवेदनशील कलाकार के रूप में उन्होंने न केवल मंच पर अपने अभिनय से पहचान बनाई, बल्कि रंगकर्म के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को भी मजबूती से प्रस्तुत किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। वे निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक लेखन के लिए जाने जाते थे। उनके लेखों में समाज, संस्कृति और आमजन की समस्याओं की सशक्त अभिव्यक्ति देखने को मिलती थी।

उनका व्यक्तित्व अत्यंत सरल, सौम्य और सहयोगी था। युवा कलाकारों और नवोदित पत्रकारों को मार्गदर्शन देना उनकी विशेष पहचान थी। वे हमेशा नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए तत्पर रहते थे।

अपने पीछे वे पत्नी निहारिका, पुत्र दिव्य एवं देव सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवारजनों के लिए यह अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से न केवल परिवार, बल्कि समूचा कला एवं पत्रकारिता जगत एक समर्पित कर्मयोगी से वंचित हो गया है।

Advertisement

उनके निधन पर अनेक साहित्यकारों, रंगकर्मियों, पत्रकारों एवं सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकसंतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

विवेक कुमार अस्थाना का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनकी सृजनशीलता, प्रतिबद्धता और मानवीय मूल्यों से ओतप्रोत जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page