वायरल
वनवास के बाद अयोध्या पहुंचे राजा राम, 28 लाख दिये जलाकर बना विश्व रिकॉर्ड
मथुरा और काशी को भी अयोध्या जैसा भव्य बनाया जाएगा : योगी आदित्यनाथ
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में बुधवार को अद्भुत रोशनी का नजारा देखने को मिला। सरयू नदी के 55 घाटों पर 28 लाख दीये जलाकर एक नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने भी मान्यता दी। पिछले साल 22 लाख दीयों का रिकॉर्ड था, जिसे इस बार अयोध्यावासियों ने पीछे छोड़ दिया।


रामकथा पार्क में राम का राजतिलक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर में पहला दीप जलाकर दीपोत्सव की शुरुआत की। राम, सीता और लक्ष्मण पुष्पक विमान से रामकथा पार्क पहुंचे, जहां सीएम योगी ने भगवान राम का रथ खींचा और भव्य आरती के साथ उनका राजतिलक किया। इस दौरान 1,600 अर्चकों ने सरयू आरती की जो अनोखी भव्यता का प्रतीक बनी।


देशभर से लोग बने आयोजन का हिस्सा
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहला दीपोत्सव है, जिसमें करीब तीन लाख लोग शामिल हुए। इनमें से दो लाख लोग पहली बार अयोध्या आए हैं। शहर के विभिन्न स्थानों पर कलाकारों ने रामायण की झांकियां प्रस्तुत कीं, जो राम के जीवन प्रसंगों का जीवंत चित्रण कर रहीं थीं।


योगी का संकल्प: मथुरा-काशी भी बनेगी अयोध्या जैसी
इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा, “ये दीये केवल रोशनी नहीं, बल्कि सनातन धर्म का प्रतीक हैं। मथुरा और काशी को भी अयोध्या जैसा भव्य बनाया जाएगा। जो भी मानवता के मार्ग में बाधा बनेगा, उसकी वही दुर्गति होगी जो दुष्टों की होती है।”

दो नए विश्व रिकॉर्ड
दीपोत्सव में 25 लाख 12 हजार 585 दीयों से एक नया रिकॉर्ड बना, साथ ही 1,121 बटुकों ने एक साथ सरयू आरती कर दूसरा विश्व रिकॉर्ड बनाया। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम ने इसे मान्यता दी और सीएम योगी को सम्मानित किया।

हर साल की तरह इस बार भी अयोध्या ने दीपोत्सव का पर्व भव्यता के साथ मनाया। यह आयोजन एक ऐतिहासिक क्षण बना और दिवाली के पहले पूरी दुनिया के सामने भारतीय संस्कृति की भव्यता को प्रदर्शित किया।
