मुम्बई
लॉरेंस बिश्नोई को साबरमती जेल से मुंबई लाने की तैयारी !
मुंबई पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से मांगी कस्टडी की अनुमति
मुंबई। एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में गिरफ्तार तीसरे आरोपी प्रवीण लोनकर को पुलिस ने हिरासत में लिया है और अब 21 अक्टूबर तक उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस के अनुसार, प्रवीण लोनकर का भाई शुभम, जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ जुड़ा हुआ है। इस हत्या के मामले में बिश्नोई का नाम सामने आने के बाद संभावना है कि मुंबई पुलिस उससे पूछताछ के लिए साबरमती जेल से उसकी हिरासत की अनुमति मांगेगी।
हालांकि, बिश्नोई की कस्टडी प्राप्त करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। लॉरेंस बिश्नोई का नाम सलमान खान को धमकी देने और उनके घर के बाहर फायरिंग के मामले में भी आया था और तभी से मुंबई पुलिस उसकी कस्टडी मांग रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि बिश्नोई की हिरासत के लिए मुंबई पुलिस को हाई कोर्ट से अनुमति लेनी पड़ सकती है, जो कि एक कठिन प्रक्रिया हो सकती है। इस साल जून में मुंबई पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को आपराधिक षड्यंत्र संहिता (सीआरपीसी) की धारा 268 (1) के तहत छूट की मांग करते हुए लॉरेंस बिश्नोई की कस्टडी के लिए अनुरोध भेजा था।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड की संवेदनशीलता को देखते हुए इस बार केंद्र सरकार की अनुमति मिलने की संभावना है जिससे मुंबई पुलिस को बिश्नोई की हिरासत प्राप्त हो सके। लॉरेंस बिश्नोई वर्तमान में साबरमती जेल में बंद है और उसके खिलाफ पंजाब, दिल्ली, गुजरात और मुंबई में हत्या, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली, ड्रग्स और हथियार तस्करी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
