गोरखपुर
लगातार बारिश से जनजीवन ठप, विश्वकर्मा पूजा समारोह प्रभावित
गोरखपुर। 16 सितम्बर से शुरू हुई लगातार झमाझम बारिश ने शहर और ग्रामीण इलाकों में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। जगह-जगह जलभराव से सड़कों पर आवागमन मुश्किल हो गया है। सड़कें तालाब जैसी नजर आ रही हैं, जिससे पैदल यात्रियों और वाहन चालकों दोनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
खासतौर पर नौकरी पेशा लोग समय पर अपने कार्यस्थलों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। पानी भरने के कारण सड़कों पर फिसलन भी बढ़ गई है, जिससे लोगों को बड़ी सावधानी से गुजरना पड़ रहा है।खजनी, सहजनवा, बांसगांव, कौड़ीराम, सिकरीगंज, उरूवा, पिपराइच और चौरीचौरा क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों की हालत बेहद खराब है।
इन स्थानों से गुजरना आम लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। लगातार बारिश के चलते नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है, जिससे निचले इलाकों के गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है और लोग हालात बिगड़ने की आशंका से चिंतित हैं।
इस बारिश का असर धार्मिक आयोजनों पर भी साफ नजर आया। आज होने वाले भगवान विश्वकर्मा पूजा महोत्सव में उत्साह तो दिखा, लेकिन बारिश ने कार्यक्रम की रौनक फीकी कर दी। कई स्थानों पर जलभराव और खराब मौसम के चलते आयोजन में आमजन की भागीदारी उम्मीद से कम रही।
