पूर्वांचल
रेल सप्ताह पुरस्कार : मंडल रेल प्रबंधक द्वारा उत्कृष्ट सेवा हेतु रेलकर्मियों को किया गया पुरस्कृत
चंदौली। शनिवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल मुख्यालय स्थित बाकले जिमखाना क्लब में ‘ 68वें रेल सप्ताह समारोह’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) के मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता द्वारा डीडीयू मंडल के सभी विभागों से उत्कृष्ट सेवा हेतु चयनित रेलकर्मियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देते हुए मंडल रेल प्रबंधक स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए गए।
मंडल रेल प्रबंधक स्तरीय पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता द्वारा सर्वप्रथम दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। तदुपरांत मंडल रेल प्रबंधक द्वारा वित्तीय वर्ष 2022-23 में उत्कृष्ट सेवा हेतु ’68वें रेल सप्ताह पुरस्कार-2023′ के तहत चयनित 61 रेलकर्मियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

समारोह के मुख्य अतिथि के तौर पर मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि, पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल अपने व्यस्ततम रेल नेटवर्क के लिए जाना जाता है। हम मंडल के रेल इन्फ्रास्ट्रक्चर का उत्तम रख-रखाव कर इसकी क्षमता में निरंतर वृद्धि कर रहे हैं। मंडल गाड़ियों के संरक्षित, सुरक्षित और समय पर चलाने के कार्य को सदैव सर्वोपरि रखता है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुँचाना हमेशा से ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। इसमें मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का बहुत ही सराहनीय योगदान है।
मंडल रेल प्रबंधक ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले रेलकर्मियों को बधाई देने के साथ सभी का उत्साहवर्द्धन करते हुए कहा कि पुरस्कार हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। साथ ही, अपनी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने के लिए भी आत्मबल प्रदान करता है।इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक दिलीप कुमार, सीपीएम (गति शक्ति) एच सी यादव सहित डीडीयू मंडल महिला कल्याण संगठन की विभिन्न सदस्याएं, डीडीयू मंडल के विभिन्न उच्चाधिकारी, कर्मचारी यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों/सदस्यों के साथ रेलकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान डीडीयू मंडल के स्काउट व गाइड सदस्यों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
