वायरल
रुद्रपुर की बेटियों ने बढ़ाया मान, हिंदी विषय में यूजीसी नेट किया क्वालीफाई
देवरिया। जिले के रुद्रपुर नगर की होनहार छात्राओं नेहा वर्मा और सोफिया शेख ने हिंदी विषय में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा यूजीसी नेट उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नेहा वर्मा, पुत्री मोहन वर्मा, निवासी पुराना चौक, मच्छरहट्टा, रुद्रपुर तथा सोफिया शेख, पुत्री शेख हजरत अली, निवासी कोटिया मदनपुर की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
ज्ञातव्य है कि दोनों छात्राएं स्थानीय रामजी सहाय पीजी कॉलेज, रुद्रपुर की पूर्व छात्रा रही हैं। अपनी सफलता पर दोनों ने छात्राओं ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उनका कहना है कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच से यह सफलता संभव हो सकी।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. बृजेश कुमार पाण्डेय, हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. संतोष कुमार यादव, सुधीर कुमार दीक्षित, डॉ. विनीता दीक्षित सहित समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों ने कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। नगरवासियों एवं शुभचिंतकों ने भी दोनों छात्राओं की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
