Connect with us

गाजीपुर

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विज्ञान प्रदर्शनी का सफल एवं प्रेरणादायी आयोजन

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर (जयदेश)। उच्च प्राथमिक विद्यालय कन्या मनिहारी में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के शुभ अवसर पर विद्या वाहिनी के द्वारा विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। जिसमें विद्यालय के बच्चों द्वारा अपने-अपने दृष्टिकोण अपने प्रोजेक्ट एवं मॉडल के माध्यम से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, अनुसंधान तथा जिज्ञासा की भावना का विकास करना रहा।

विद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रदर्शनी में कक्षा 6 से 8 तक की छात्राओं ने ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, सौर ऊर्जा, मानव अंगों की संरचना, प्रदूषण नियंत्रण तथा दैनिक जीवन में विज्ञान के उपयोग जैसे विविध विषयों पर उत्कृष्ट एवं आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए। छात्राओं ने आत्मविश्वास के साथ अपने प्रोजेक्ट की वैज्ञानिक व्याख्या कर उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों को प्रभावित किया।

प्रदर्शनी का निरीक्षण हेमवन्त कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी मनिहारी, द्वारा किया गया। उन्होंने छात्राओं के नवाचार एवं प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक सोच और तार्किक दृष्टिकोण विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। प्रदर्शनी का मूल्यांकन विवेक कुमार, प्रभारी प्रधानाध्यापक तथा ओमप्रकाश प्रजापति शिक्षक अगस्ता फाउंडेशन द्वारा किया गया। मूल्यांकन वैज्ञानिक तथ्यों की शुद्धता, प्रस्तुतीकरण, नवाचार एवं उपयोगिता के आधार पर किया गया। प्रतियोगिता के परिणाम अत्यंत उत्साहवर्धक रहे।

Advertisement

कक्षा 8 की छात्रा अंजली राजभर के विज्ञान प्रोजेक्ट को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। सृष्टि कुमारी एवं विश्वकर्मा विश्वकर्मा के मॉडल को द्वितीय स्थान प्रदान किया गया। कक्षा 7 की खुशी कुमारी तथा कक्षा 6 की मौसम कुमारी के प्रोजेक्ट को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। आपको यह बताते हुए हर्ष हो रहा है कि अंजली राजभर द्वारा निर्मित विज्ञान प्रोजेक्ट मॉडल “जिज्ञासा” के अंतर्गत उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड एवं उड़ीसा की क्षेत्रीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर की विज्ञान प्रदर्शनी हेतु चयनित किया गया है। यह विद्यालय तथा क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।

इस विज्ञान प्रदर्शनी का सफल आयोजन विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सन्तोष कुशवाहा एवं गणित-विज्ञान शिक्षक राम-लखन यादव तथा मनोज प्रजापति द्वारा पूर्ण मनोयोग एवं समर्पण के साथ किया गया। शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं छात्राओं के परिश्रम ने कार्यक्रम को अत्यंत सफल एवं सार्थक बनाया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी इस प्रकार की ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जाएगा, जिससे छात्राओं का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page