चन्दौली
राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह समझौते से कई मामलों का निस्तारण
चंदौली (जयदेश)। सदर तहसील परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ, जिसका शुभारंभ जनपद न्यायाधीश रविन्द्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विभिन्न वादों का निष्पक्ष रूप से सुलह समझौते के आधार पर निस्तारण किया गया, जिससे कई लोगों को त्वरित न्याय का लाभ मिला।
जनपद एवं सत्र न्यायाधीश रविन्द्र सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम जनता के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से उन्हें बिना किसी लंबी कानूनी प्रक्रिया के त्वरित न्याय मिलता है। इस अदालत के जरिए मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान निकालकर विवादों को समाप्त किया जाता है।
इस कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश राकेश धर दूबे, अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश विनय कुमार सिंह, विशेष न्यायाधीश अनुराग शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपक कुमार मिश्र, सिविल जज निकिता गौड़, अपर जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह, एएसपी अनिल कुमार यादव सहित कई न्यायिक अधिकारी, बैंक प्रबंधक और अधिवक्ता उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत में संपन्न मामलों के निस्तारण से न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आई और विवादों को सौहार्दपूर्ण तरीके से हल किया गया, जिससे न्यायालय और जनता दोनों को राहत मिली।