चन्दौली
रामेश्वर धाम के सुंदरीकरण कार्य का पर्यटन मंत्रालय ने किया शुभारंभ

चंदौली। चहनियां स्थित शिव मंदिर (रामेश्वर धाम) के सुंदरीकरण के लिए पर्यटन विभाग द्वारा 91 लाख 44 हजार रुपये का प्रस्ताव पास हो गया। यह प्रस्ताव पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय की पहल पर हुआ। शुक्रवार को चहनियां शिव मंदिर पर इसकी आधारशिला रख भूमि पूजन कर कार्य शुरू कराया गया।
भाजपा के निवर्तमान मंडल अध्यक्ष योगेंद्र मिश्र एड. के प्रस्ताव पर पूर्व केंद्रीय मंत्री भारत सरकार डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय द्वारा शिव मंदिर चहनियां बाजार के सुंदरीकरण हेतु लगभग 95 लाख की धनराशि स्वीकृत कराई गई थी। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ कराया गया।
सुंदरीकरण के इस कार्य का शुभारंभ विधिवत भूमिपूजन उदय प्रताप सिंह एवं योगेंद्र मिश्र द्वारा करने के बाद प्रारंभ किया गया। इस दौरान योगेंद्र मिश्र ने बताया कि सुंदरीकरण में यात्रिशेड, मुख्य द्वार, गेट नम्बर दो, छोटा गेट, डस्टबिन, स्टोन बेंच, इंटरलॉकिंग, सोलर लाइट, शौचालय आदि का कार्य होगा।
कार्यक्रम में आशीष रघुवंशी, सरीद्वार यादव, गोपाल गुप्ता, डॉ. अजय कुमार सिंह, आनंद सिंह, भानु प्रताप यादव, सतीश गुप्ता, शिवलाल जायसवाल, जयशंकर जायसवाल, मनोज गुप्ता इत्यादि गणमान्य उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय एवं उत्तर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।