मिर्ज़ापुर
राजगढ़ पुलिस की सतर्कता से महिला को मिला गुम हुआ बैग
मड़िहान (मिर्जापुर)। मड़िहान क्षेत्र में राजगढ़ पुलिस की ईमानदारी और दरियादिली का एक अनोखा उदाहरण सामने आया, जब उन्होंने एक महिला को उसका गहनों और पैसों से भरा बैग सुरक्षित लौटा दिया। सोनभद्र जनपद के करमा थाना क्षेत्र के मंदिर देव गांव की रहने वाली आरती सोनकर चुनार के पसियाही गांव में अपनी बहन के घर शादी में शामिल होने गई थीं।
शनिवार सुबह जब वह कार से अपने घर लौट रही थीं, तो परमहंस आश्रम सक्तेशगढ़ के पास उनका बैग गिर गया, जिसका उन्हें पता नहीं चला। संयोग से भदोही जनपद के खमरिया निवासी सुशील यादव, जो अपने मोटरसाइकिल से चुनार की ओर जा रहे थे, उन्हें यह बैग मिला। उन्होंने इसे उठाया और सीधे राजगढ़ पुरानी पुलिस चौकी के पास पहुंचे, जहां थाना अध्यक्ष को पूरी घटना बताकर बैग सौंप दिया।
पुलिस ने काफी कोशिशों के बाद बैग की असली मालिक को ढूंढ निकाला और महिला को बुलाकर उसके सामने बैग खोलकर दिखाया। बैग में सारे गहने और पैसे सुरक्षित मिले, जिससे महिला ने राहत की सांस ली।
आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने बैग उसे सौंप दिया। बैग वापस मिलने पर महिला ने पुलिस और बैग लौटाने वाले राहगीर का आभार व्यक्त किया। थाना अध्यक्ष महेंद्र सिंह पटेल ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला को उसका बैग सुरक्षित लौटा दिया गया और वह पूरी तरह संतुष्ट थी।
