वाराणसी
रजिस्ट्री के नाम पर वृद्धा से लाखों की ठगी, प्राथमिकी दर्ज
वाराणसी। जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र में मकान की रजिस्ट्री के नाम पर 70 वर्षीय श्यामरथी देवी से 13 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। रजिस्ट्री होने के बावजूद पीड़िता को अब तक निर्धारित राशि नहीं मिल सकी है। इस संबंध में पीड़िता की तहरीर पर आदमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
कोनिया निवासी श्यामरथी देवी ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि पारिवारिक परिस्थितियों के चलते उन्होंने अपना पुश्तैनी मकान 13 लाख रुपये में बेचने का निर्णय लिया था। इस सौदे को तय कराने में मोहल्ले के विजय राजभर ने सहयोग किया और 23 मार्च 2021 को धोबी घाट निवासी राजन अग्निहोत्री के नाम मकान की रजिस्ट्री कराई गई। भुगतान के लिए तीन चेक दिए गए, लेकिन पीड़िता के अनुसार आज तक उक्त धनराशि उनके खाते में जमा नहीं हुई। उन्होंने बैंक स्टेटमेंट के माध्यम से इसकी पुष्टि भी की है।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों द्वारा लगातार आश्वासन देकर मामले को टाला जाता रहा। वहीं दिसंबर 2025 में कुछ लोगों ने मकान पर बैंक लोन होने का हवाला देते हुए उन्हें मकान खाली करने का दबाव बनाया, जिसके बाद उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी होने का आभास हुआ।
इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि श्यामरथी देवी की तहरीर के आधार पर दो आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
