मिर्ज़ापुर
रक्षा मंत्री ने केदार नाथ दूबे को पलटकर किया सम्मानित
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रादेशिक अधिवेशन के दौरान एक अद्वितीय दृश्य देखने को मिला, जब केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंडल अध्यक्ष केदार नाथ दूबे को मंच पर सम्मानित कर सभी को भावविभोर कर दिया।
आगरा में मंगलवार को आयोजित इस अधिवेशन में केदार नाथ दूबे को रक्षा मंत्री को अंगवस्त्रम ओढ़ाकर सम्मानित करने का अवसर दिया गया था। लेकिन जैसे ही केदार नाथ दूबे ने अंगवस्त्रम ओढ़ाना चाहा, राजनाथ सिंह ने वह अंगवस्त्रम अपने हाथ में ले लिया और उल्टे केदार नाथ दूबे को ही ओढ़ाकर सम्मानित कर दिया। इस घटना ने पूरे मंच पर एक अनोखा और प्रेमपूर्ण वातावरण बना दिया। मंच पर ही रक्षा मंत्री ने केदार नाथ दूबे के घर-परिवार और विद्यालय का हालचाल लिया।
गौरतलब है कि राजनाथ सिंह और केदार नाथ दूबे ने नगर के केबी कॉलेज में लंबे समय तक एकसाथ शिक्षण कार्य किया था। वर्षों बाद इस पुनर्मिलन ने अधिवेशन में उपस्थित शिक्षकों और गणमान्य लोगों को भावुक कर दिया। यह सम्मेलन न केवल शैक्षिक मुद्दों पर केंद्रित रहा, बल्कि शिक्षकों के प्रति रक्षा मंत्री के आदर और उनके पुराने संबंधों की यादें भी ताजा कर गया।
