सियासत
यूपी : सीएम योगी वाराणसी समेत इन जिलों का करेंगे चुनावी दौरा, गृह मंत्री अमित शाह करेंगे मंथन
लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सभी पार्टियां तैयारियों में लगी हुई हैं। बीजेपी, कांग्रेस और सपा वोटर्स को लुभाने के लिए रैलियां कर रही है। भाजपा के दिग्गज नेता लोकसभा चुनाव में बुधवार को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पार्टी के लिए जनसमर्थन जुटाएंगे। कुछ नेता भाजपा प्रत्याशियों की नामांकन सभा में शामिल होकर उनके लिए माहौल बनाएंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम बुधवार, 03 अप्रैल को आगरा, वाराणसी में बीजेपी द्वारा आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलनों को संबोधित करेंगे। सीएम योगी सुबह 11:30 बजे आगरा के ए.पी. इंटर कालेज शमसाबाद में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह दोपहर 1:05 बजे आगरा के सूरसदन ऑडिटोरियम, एम. जी., रोड में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करेंगे। फिर उसके बाद शाम 4 बजे भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय, रोहनिया, वाराणसी में वाराणसी लोकसभा बैठक में शामिल होंगे। चार अप्रैल को मथुरा में भाजपा प्रत्याशी हेमा मालिनी के नामांकन में शामिल होंगे और नामांकन सभा को संबोधित करेंगे। उसी दिन शाम को वह गोरखपुर चले जाएंगे जहां वह लोकसभा चुनाव संचालन समिति की बैठक में शिरकत करेंगे। पांच अप्रैल से उनकी चुनावी जनसभाएं शुरू होंगी।

गृहमंत्री अमित शाह बुधवार दोपहर 12.30 बजे मुजफ्फरनगर के राष्ट्रीय इंटर कालेज, बुढ़ाना में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 2.30 बजे वह मुरादाबाद में बैठक करेंगे जिसमें वह पहले और दूसरे चरण की सीटों के बारे में पार्टी नेताओं के साथ रणनीति तय करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सुबह 10 बजे गाजियाबाद के घंटाघर इलाके के रामलीला ग्राउंड में भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग की नामांकन सभा में शामिल होंगे।
तो वहीं केशव प्रसाद मौर्य बुलंदशहर में भाजपा प्रत्याशी भोला सिंह की नामांकन सभा में शामिल होंगे।इसके बाद पांच अप्रैल को वह अमरोहा, बिजनौर और नगीना में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
