वाराणसी
यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्य कान्त शुक्ल ने मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों को दी विशेष हिदायत
वाराणसी। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा की कापियों का मूल्यांकन रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। मूल्यांकन कार्य जिले के पांच केंद्रों पर कराया जा रहा है। मूल्यांकन करते समय पूर्व में अक्सर यह देखा गया है कि, उप प्रधान परीक्षकों और परीक्षकों द्वारा तमाम लापरवाहियां बरतीं गई है। कापियों में कई प्रश्नों को अमूल्यांकित छोड़ दिया गया हैं। कापी के अंदर कुछ और ऊपर कुछ अंक अंकित कर दिए गए हैं। कापी के ऊपर चढ़ाएं गए अंकों के योग में भी भिन्नता देखी गई है।
यह लापरवाही एवं त्रुटियां इस मूल्यांकन के दौरान न होने पाए। इसके लिए सभी उप प्रधान परीक्षकों और परीक्षकों को माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्य कान्त शुक्ल ने चेतावनी देते हुए कहा है कि, यदि इस तरह की लापरवाही और त्रुटियां पाई जाती है तो संबंधित परीक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे परीक्षकों को मूल्यांकन कार्य से तीन साल के लिए डिबार कर दिया जाएगा। इसके अलावा उनके पारिश्रमिक की धनराशि से कटौती भी कर दी जाएगी। परीक्षक द्वारा आधा प्रतिशत त्रुटि करने पर 25 प्रतिशत , एक प्रतिशत त्रुटि करने पर 50 प्रतिशत और दो प्रतिशत त्रुटि करने पर 85 प्रतिशत की कटौती उसके पारिश्रमिक से की जाएगी। दो प्रतिशत त्रुटि करने वाले परीक्षकों को तीन साल के लिए अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव द्वारा उप प्रधान परीक्षकों और परीक्षकों को जारी अतिआवश्यक दिशा निर्देश में इन तथ्यों का उल्लेख किया गया है। निर्देश में यह भी उल्लेख है कि परीक्षार्थी द्वारा हल किए गए सही प्रश्न के उत्तर पर पूर्ण अंक प्रदान किए जाए। इस पर जानबूझकर अंक कम न किए जाएं। विशेष कर गणित, विज्ञान अथवा अन्य तकनीकी विषयों में स्टेपवार अंक प्रदान किए जाएं। यदि किसी परीक्षार्थी द्वारा निश्चित संख्या से अधिक प्रश्नों को हल कर दिया गया है तो सभी प्रश्नों का मूल्यांकन करें। जिन प्रश्नों पर अधिक अंक प्राप्त हो रहे है, उसे बनाए रखते हुए कम अंक वाले प्रश्नों को अतिरिक्त उत्तर या निरस्त लिखकर कर नीचे हस्ताक्षर किए जाएं। कापी पर अंक को अंकित करते समय ओवरराइटिंग न किया जाए। अगर ओवरराइटिंग करना आवश्यक हो तो उसे काट कर शुद्ध अंकित किया जाए। यदि किसी कारणवश एवार्ड ब्लैंक में अंक चढ़ाते समय कोई त्रुटि हो जाती है तो उसे निरस्त कर अलग से सीसी 16 प्रपत्र पर अंक चढ़ा कर भेजा जाएं।
