गोरखपुर
युवाओं ने जिलाधिकारी से की इंडोर स्टेडियम निर्माण की मांग उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
गोलाबाजार (गोरखपुर)। नगर पंचायत गोला बाजार क्षेत्र में इंडोर स्टेडियम के निर्माण को लेकर स्थानीय युवाओं ने समाधान दिवस पर जिलाधिकारी गोरखपुर को संबोधित ज्ञापन एसडीएम गोला को सौंपकर खेल-कूद के लिए उचित व्यवस्थाओं के साथ इंडोर व आउटडोर स्टेडियम आदि बनाने की मांग की है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, गोला बैडमिंटन क्लब के तत्वावधान में सभासद श्रवण कुमार वर्मा, महबूब अली, नौशाद आलम, आलोक वर्मा, सहित दर्जनों युवकों ने ज्ञापन देते हुए उपजिलाधिकारी गोला से कहा कि क्षेत्र में खेल-कूद के प्रति युवाओं में गहरी रुचि और प्रतिभा होने के बावजूद समुचित खेल सुविधाओं का अभाव है, जिसके कारण प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपने कौशल का सही विकास नहीं कर पा रहे हैं।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र के खिलाड़ी नियमित अभ्यास और टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए उपयुक्त स्थान के अभाव में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। यदि एक सुव्यवस्थित इंडोर स्टेडियम का निर्माण कराया जाता है तो इससे न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलेगा, बल्कि क्षेत्र के युवा खेलों की ओर आकर्षित होंगे और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होंगे, जिससे समग्र विकास को भी बल मिलेगा।
युवाओं ने यह भी बताया कि पिछले लगभग 20 वर्षों से चेयरमैन, सांसद, अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को ज्ञापन के माध्यम से इस मांग से अवगत कराते आ रहे हैं। वर्तमान में भी स्थानीय विधायक, चेयरमैन, सांसद एवं अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही प्राप्त हुए हैं।
ज्ञापन में इस बात पर भी चिंता जताई गई है कि नगर पंचायत गोला बाजार नगर पंचायत से नगर पालिका बनने की ओर अग्रसर है, इसके बावजूद यहां एक भी खेल-कूद ग्राउंड उपलब्ध नहीं है, जबकि नगर पंचायत क्षेत्र में पर्याप्त सरकारी भूमि मौजूद है, जहां इंडोर स्टेडियम का निर्माण कराया जा सकता है।
युवाओं ने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत गोला क्षेत्र में एक आधुनिक इंडोर स्टेडियम के निर्माण हेतु आवश्यक कार्यवाही एवं दिशा-निर्देश जारी किए जाए।
